23.3 C
Bhind
September 8, 2026
Headlines Today 24
मध्यप्रदेशराजनीति

बहिनों के वोट हथियाने भाजपा लगा रही है उनकी बोली – अनुमा आचार्य

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने प्रेसवर्ता में साधा शिवराज सरकार पर निशाना

पवन शर्मा,

भिण्ड। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और रिटा.विंग कमांडर अनुमा आचार्य ने जिला कांग्रेस कार्यालय में अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान प्रेसवार्ता कर शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सर्वे में शिवराज सरकार की जमीन खिसक रही थी। सभी सर्वे में उन्हें हार मिल रही थी इसलिए शिवराज सरकार लाड़ली बहनों की राशि बढ़ाकर उनके वोटों की बोली लगा रही है।
अनुमा आचार्य ने कहा कि कांग्रेस नेता कमलनाथ द्वारा की गई घोषणाओं की शिवराज सिंह सरकार ने नकल तो की, लेकिन नकल के लिए बजट चाहिए था। अब उनकी जमीन खिसक रही है। सर्वे में हार रहे हैं, तो वह लगातार लाड़ली बहनों की बोली लगाकर लाड़ली बहनाओं का अपमान कर रहे हैं। विंग कमांडर अनुमा आचार्य ने कहा कि महिलाएं इस बात को समझ चुकी हैं। शिवराज की यह चाल इस बार चुनाव में चलने वाली नहीं है।

पत्रकारों से चर्चा के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुमा आचार्य ने शिवराज सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन वाली भ्रष्टाचार की सरकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवा बेरोजगार है, प्रदेश के वीर मुख्यमंत्री कर्ज लेकर के अपने उद्योगपति मित्रों और बीजेपी साथियों को मालामाल कर रहे हैं। प्रदेश कंगाल होता जा रहा है।

*भिण्ड में युवा बेरोजगार और जिला अस्पताल बीमार*
कांग्रेस की प्रवक्ता अनुमा आचार्य ने भिण्ड की समस्याओं पर बोलते हुए कहा भाजपा की 18 वर्षों की कुशासन वाली सरकार में युवा बेरोजगार हो गया, इसलिए नशे की लत में जकड़ गया है। लोग भिण्ड में गांजे की खेती अपने घरों में करते नजर आ रहे हैं। कुछ युवा अन्य शहरों में  पलायन कर रहे हैं तो कुछ नशे की लत में आकर अपराध जगत में अपना भविष्य चौपट कर रहे हैं। उन्होंने कहा मालनपुर औधोगिक क्षेत्र में आज फैक्ट्रियों की संख्या कम होती जा रही है।

उन्होंने स्वास्थ सेवाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा भिण्ड जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है। यहां अस्पताल तो है लेकिन चिकित्सकों की कमी से जिला अस्पताल खुद बीमार नजर आ रहा है।

*जिले में कानून व्यवस्था ध्वस्त*
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा भिण्ड में अपराधियों का बोलबाला है । यहां अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं जो रोज गोली बारी की घटना दिन दहाड़े हो रही हैं। उन्होंने उज्जैन की घटना का जिक्र करते हुए रेप पीड़िता के लिए दुख व्यक्त किया। साथ ही मरती मानवीय संवेदनाओ पर चिंता व्यक्त की।

*शिवराज बुधनी में भी नही रोक पाए अवैध खनन*
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर हमला बोलते हुए कहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद गृह क्षेत्र में अवैध रेत खनन रोकने में नाकाम साबित हुए हैं। भिण्ड सहित पूरे प्रदेश में माफिया हावी है।

प्रेसवार्ता के दौरान उनके साथ भिण्ड जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा, प्रदेश प्रवक्ता आरपीएन सिंह, प्रवक्ता अनिल भारद्वाज, शहर अध्यक्ष डॉ.राधेश्याम शर्मा, संजय भूता, संगठन मंत्री इरशाद अहमद, उपाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, नरोत्तम चौरसिया आदि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

Headlines Today 24

Related posts

पाठक को बनाया गया नगरीय निकाय चुनाव का प्रभारी

Headlines Today24

चंबल पुल की बेरिंग खिसकी, फिर हो सकता है NH-719 (92) पर एमपी-यूपी के बीच आवागमन बंद

Headlines Today24

Odkryj Verde Casino: Najlepsze Oferty i Promocje