34.6 C
Bhind
April 16, 2026
Headlines Today 24
भिण्डमध्यप्रदेशराजनीति

इस पूर्व विधायक ने भाजपा सरकार पर किया जोरदार हमला, डंपर, व्यापम, पटवारी घोटालों को बताया शर्मनाक

परानिधेश भारद्वाज,

भिण्ड। अटेर से पूर्व विधायक हेमंत सत्यदेव कटारे ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए जमकर हमला किया। भ्रष्टाचार, बिजली, लाड़ली बहना योजना को लेकर उन्होंने सरकार की जमकर खिंचाई की। वहीं आगामी 21 जुलाई को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की ग्वालियर में होने वाली आमसभा के लिए भी लोगों से भारी संख्या में पहुंचने की अपील भी की।

दरअसल 21 जुलाई को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की ग्वालियर में आम सभा होने जा रही है। जिसके लिए ग्वालियर चंबल अंचल के सभी कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जी जान से जुट गए हैं। इसी कड़ी में अटेर से पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने भी जगराम नगर स्थित कटारे कोठी पर स्व:सत्यदेव कटारे सभागार में प्रेस वार्ता के जरिए बताया कि अटेर सहित भिंड से भी हजारों की संख्या में कार्यकर्ता ग्वालियर प्रियंका जी की सभा में पहुंचेंगे। पूर्व विधायक ने कहा कि प्रियंका गांधी जी की ग्वालियर में विशाल आम सभा के बाद भाजपा की उल्टी गिनती शुरू होगी।

हेमंत कटारे ने प्रतियोगी परीक्षाओं में व्यापक भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जमकर घेरा भाजपा सरकार को

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक हेमंत सत्यदेव कटारे ने जमकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा भिंड की जनता सड़क पानी बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। हेमंत कटारे ने भाजपा सरकार पर व्यापम द्वारा आयोजित कराई गई परीक्षाओं में घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में एक भी ऐसी प्रतियोगी परीक्षा आयोजित नहीं हुई जिसमें उन पर हेरा फेरी के आरोप नही लगें हो। इससे स्पष्ट हो गया ये जनता की नही घोटालों और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली सरकार है। उन्होंने कहा व्यापम घोटाला, पीएमटी घोटाला, डंपर घोटाला, पीडीएस घोटाला,नर्सिंग घोटाला सहित घोटालों की एक लम्बी फेहरिस्त हैं।

कांग्रेस सरकार में होगा 100 यूनिट का बिल माफ और 200 यूनिट का हाफ

हेमंत कटारे ने कहा भिण्ड जिले में और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। जिले की बिजली व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमरा गई है। डीपी बदलने के नाम पर लोगो से अवैध वसूली की जा रही है। मंहगाई और बेरोजगारी ने पूरे प्रदेश को बदहाल स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है। श्री कटारे ने कहा प्रदेश में जनता का तो विकास नहीं हुआ लेकिन भाजपा नेताओ और भ्रष्ट अधिकारियों का विकास हुआ है। कांग्रेस सरकार बनते ही इनकी जांच सुनिश्चित की जाएगी और उन पर कार्यवाही की जावेगी। एक प्रश्न के जवाब पर कटारे ने कहा ग्वालियर चंबल संभाग में भाजपा का सफाया होगा और भिंड की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत होगी। ग्वालियर चंबल संभाग में भाजपा को आगामी चुनावों में खाता खोलने के लिए भी संघर्ष करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री के चेहरे पर किये गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा प्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत से सरकार बनने जा रही है।

अटेर से ही चुनाव लड़ने के इक्षुक हैं हेमंत कटारे
हेमंत कटारे ने पहला चुनाव अटेर से अपने पिता की विरासत में जीता। लेकिन अटेर विधानसभा की तासीर के अनुसार वह दोबारा जीत हासिल नहीं कर सके। इसी बीच कांग्रेस की सरकार गिर गई और मेहगांव सीट खाली हो गई। जिसके बाद तमाम मंथन के बाद हेमंत कटारे को मेहगांव से टिकिट दे दिया गया। हेमंत कटारे की जीत लगभग सुनिश्चित दिखाई दे रही थी लेकिन कुछ बयानबाजी के चलते अंतिम क्षणों में उन्हें कुछ हजार वोटों से हार का मुंह देखना पड़ा। ऐसे में इस बार उनके टिकिट को।लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि वह अटेर से ही चुनाव लड़ेंगे अथवा मेहगांव से। लेकिन इसके सवाल पर हेमंत ने कहा कि वह अटेर से ही चुनाव लड़ना चाहते हैं लेकिन पार्टी जो आदेश देगी उसका वह पालन करेंगे।

भितरघात पर बोले यह अंदरूनी मुद्दे, घर के अंदर बैठकर ही सुलझा लेंगे

मेहगांव के उपचुनाव में हेमंत कटारे ने हार का ठीकरा लहार विधायक वर्तमान नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह पर फोड़ते हुए कहा था कि उनके भितरघात की वजह से वह चुनाव हार हैं। इस बार के चुनावों में इस प्रकार के किसी भितरघात और कांग्रेस की एकजुटता के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कुछ मामले घर के अंदर के होते हैं और उन्हें आपस मे बैठकर सुलझा लिया जाता है। सास बहू, बाप बेटे में भी मतभेद हो सकते हैं लेकिन उन्हें बाहर ना ले जाते हुए घर के अंदर ही सुलझा लेते हैं। ऐसे ही इस बार कांग्रेस एकजुट होकर ही चुनाव लड़ेगी।

प्रेस वार्ता में अटेर के पूर्व विधायक हेमंत कटारे के साथ कांग्रेस प्रवक्ता डा.अनिल भारद्वाज ,अटेर ब्लाक अध्यक्ष अरविंद बघेल,चतुर सिंह नरवरिया,महेश जाटव,दीपू दुबे सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Headlines Today 24

Related posts

आशा कार्यकर्ताओं ने पेड़ पर चढ़कर किया अनोखा प्रदर्शन

Headlines Today24

252 डीएसपी के हुए थोकबंद तबादले, चुनाव से पहले की सर्जरी जारी

Headlines Today24

इन सरकार की शरण में पहुंचे यह सरकार, यहां के मुख्यमंत्री ने पत्नी सहित की पूजा अर्चना, लोगों का कहना- कर्नाटक जैसी हार से बचने कर रहे मुख्यमंत्री पूजा-अर्चना

Headlines Today24