परानिधेश भारद्वाज,
15 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर जनांदोलन की चेतावनी
भिण्ड। ग्वालियर–भिण्ड–इटावा नेशनल हाईवे-719 को फोरलेन अथवा सिक्स लेन बनाए जाने की मांग को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) जिला अध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नाम तहसीलदार देवेंद्र सिंह तोमर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और मौतों के बावजूद फोरलेन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया में लगातार देरी की जा रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि नेशनल हाईवे-719 पर आए दिन हो रहे सड़क हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी के लिए भाजपा सरकार, स्थानीय सांसद और उनके प्रतिनिधि जिम्मेदार हैं।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि इस अवधि के भीतर फोरलेन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर इसकी आधिकारिक समय-सीमा घोषित की जाए। बघेल ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस हजारों लोगों के साथ व्यापक जनांदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में मांग की गई है कि फोरलेन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। निर्माण शुरू होने तक नियमानुसार टोल वसूली में राहत दी जाए तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सड़क मरम्मत सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाएं। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता है ताकि लोगों की जान बचाई जा सके।
इस दौरान जय श्रीराम बघेल, महेश जाटव, डॉ. शिवेंद्र सिंह, बाबूराम जामोर, बाबा भगवान दास सेठिया, वीरेंद्र यादव, नरोत्तम सिंह नरवरिया, संदीप मिश्रा, रामस्वरूप गोयल, सुशीला नरवरिया, थान सिंह यादव, अरविंद यादव, सुल्तान सिंह नरवरिया, नईम पठान, एडवोकेट दीपचंद तिवारी, इलियास खान, रामा वाल्मीकि, बदन राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

