परानिधेश भारद्वाज,
भिंड। बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सरस्वती शिशु मंदिर, भिंड के विद्यार्थियों ने बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान बाल कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि समिति संकटग्रस्त, असहाय एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के हितों की रक्षा के लिए कार्य करती है। बच्चों को यह भी समझाया गया कि यदि उनके साथ या उनके आसपास किसी बच्चे के साथ किसी प्रकार का उत्पीड़न, शोषण अथवा अन्य समस्या होती है, तो वे बिना किसी भय या संकोच के संबंधित अधिकारियों अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न अधिकारों, संरक्षण की व्यवस्थाओं तथा बच्चों के सर्वोत्तम हित में संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अनुजकांत उदैनिया, समिति सदस्य श्रीमती सीमा शर्मा, कैशलेश कुशवाह, श्रीमती मुदिता शर्मा एवं इंद्रजीत शर्मा उपस्थित रहे। साथ ही सरस्वती शिशु मंदिर का समस्त स्टाफ तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित एवं जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।


