38.3 C
Bhind
May 1, 2026
Headlines Today 24
देशभिण्डमध्यप्रदेशराजनीति

गंदगी को देख बोलीं केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ‘स्वच्छता की बैंड बजा रखी है और जुट गईं सफाई में

अपने हाथों से दोने-पत्तल उठाकर फेंके डस्टबिन में

परानिधेश भारद्वाज,

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो स्वच्छता अभियान चलाया है उसमें केवल वह अकेले ही नहीं बल्कि उनके मंत्री भी आगे रहते हैं। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए आईं केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी गंदगी को देख खुद से ही उसे साफ करने लगीं। उन्होंने अपने हाथों से दोने पत्तल जमीन से उठाये और डस्टबिन में फेंके। इस दौरान सभी महिला पुरुष उनके साथ गंदगी को साफ करने लगे।


दरअसल केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी मध्यप्रदेश गौरव प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन में भाग लेने के लिए भिंड आई हुई थी। हालांकि कार्यक्रम प्रबुद्ध जन सम्मेलन का था लेकिन इसमें भाजपा वक्ता और भाजपा नेता ही ज्यादा दिखाई दिए। साथ ही मंत्री मीनाक्षी लेखी ने संक्षिप्त भाषण में भाजपा सरकार की उपलब्धियों का ही बखान करते हुए कहा कि जो कार्य 60 साल में नहीं हो पाए वह 9 साल में हुए हैं। उन्होंने कहा इन नौ साल में भारत ने उन बुलंदियों को छुआ है जो पिछले साठ साल में नहीं छू पाए। इस दौरान उन्होंने तमाम कार्यों को गिनाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश भी विकास में पूरी रफ्तार से दौड़ रहा है।

इसके बाद जैसे ही मीनाक्षी लेखी हॉल से बाहर निकलीं तो महिला पुरुष उनके साथ सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान उनकी नजर स्वल्पाहार के स्थान पर पड़ी जहां पर लोगों ने नाश्ता करने के बाद दोना-पत्तल जमीन पर ही फेंक दिए थे। इसको देखते ही वह बोलीं ‘स्वच्छता अभियान की तो आप लोगों ने बैंड बजा दी है इस को साफ करते हैं’ और वह अपने हाथों से दोने पत्तल उठाकर डस्टबिन में डालने लगीं। यह देखते ही मौके पर मौजूद कार्यक्रम संयोजक डॉ तरुण शर्मा सहित सभी लोग सफाई में जुट गए और देखते ही देखते मौके से सारी गंदगी साफ हो गई।

कार्यक्रम का संयोजन भाजपा जिला मंत्री डॉ तरुण कुमार शर्मा द्वारा किया गया था जबकि अध्यक्षता प्रबुद्ध विचारक डॉ सुरेश बंसल द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में भिण्ड दतिया सांसद संध्या राय उपस्थित रहीं। इसके साथ ही संभागीय संगठन मंत्री विजय दुबे, भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया आदि लोग मंचासीन रहे।

Headlines Today 24

Related posts

भिण्ड में 8 निकायों के नगरपालिका/नगरपंचायत अध्यक्ष निर्वाचित, 4 भाजपा एवं 4 कांग्रेस के खाते में

Headlines Today24

गौसेवा वैदिक संस्कृति का आधार, उसके लिये तन-मन-धन से जुटना चाहिए- शंकराचार्य

Headlines Today24

साइबर शाखा की हमारी टीमें लगातार सोशल मीडिया की निगरानी कर रही हैं- एसपी

Headlines Today24