36.3 C
Bhind
June 7, 2026
Headlines Today 24
भिण्डमध्यप्रदेश

नेशनल हाईवे 719 पर बस-कार की भीषण टक्कर में 5 की मौत, 6 घायल

मृतकों में गुना में पदस्थ भिण्ड निवासी पटवारी की भी मौत

परानिधेश भारद्वाज, भिण्ड

भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे 719 पर गोहद थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। शुक्रवार शनिवार की दरम्यानी रात 2 बजकर 30 मिनट के करीब तेज रफ्तार खाली बस ने यात्रियों से भरी ईको कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो को गंभीर हालत में ग्वालियर रैफर किया गया है।

 


प्राप्त जानकारी के अनुसार बस भिंड में बारात छोड़कर ग्वालियर वापस जा रही थी, जबकि ईको कार ग्वालियर से भिण्ड की ओर आ रही थी। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका के पास दोनों में तेज टक्कर हो गई थी। टक्कर इतनी तेज थी कि ईको कार के परखच्चे उड़ गए। शवों को निकालने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस फिलहाल मृतकों एवं घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है। एक मृतक की पहचान भिण्ड निवासी जगदीश भदौरिया के रूप में हुई है जो कि वर्तमान में पटवारी के रूप में गुना में पदस्थ थे और भूतपूर्व सैनिक भी थे। एक मृतक की पहचान फूप निवासी अतुल शिवहरे के रूप में हुई है। जबकि अन्य की पहचान करने की कोशिश अभी जारी है। वहीं पुलिस के अनुसार ईको कार नंबर के आधार पर वाहन मालिक से बात की गई तो उसने बताया कि उसके द्वारा कार को बेच दिया गया था। और जिस व्यक्ति को कार बेची गई उसका मोबाइल फिलहाल बंद आ रहा है।

हादसे में घायल लोगों के नाम हैं-

1. मेवाराम पुत्र बाबुराम (61), धार का पुरा गोहद

2. सुखवीर (50), कल्याणपुरा भिंड

3. केतु पुत्र संतोष (10), मोरोली

4. संतोष पुत्र कल्याण (37), मोरोली

5. रमलखन पुत्र भागीरथ (59), मेहगांव

6. मीरा पत्नी सुरेंद्र (61), भिण्ड

इस हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे 719 पर सड़क सुरक्षा और प्रशासन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं जिनमें लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। कुछ दिन पहले भी गोहद थाना क्षेत्र में ही इसी हाईवे पर दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई थी। लेकिन प्रशासन अब तक ठोस कदम नहीं उठा पाया है। लोगों की मांग है कि नेशनल हाईवे पर तत्काल सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं और इसको फ़ॉर लेन किया जाए अथवा नया हाईवे बनाया जाए।

Headlines Today 24

Related posts

यहां कार्यकर्ताओं में जमकर चलीं लाठी और कुर्सियां

Headlines Today24

सीबीएसई सेकेण्डरी एवं सीनियर सेकेण्डरी के परीक्षा परिणाम में सिटी सेन्ट्रल स्कूल ने फिर मारी बाजी

Headlines Today24

तीन बच्चे होने पर गई सरकारी शिक्षक की नौकरी, दर्ज होगी एफआईआर!

Headlines Today24