शनिवार, 21 नवम्बर 2026
बड़ी खबरें
रणजी डेब्यू में शतक जड़ने वाले भिण्ड के सक्षम पुरोहित का शहर लौटने पर भव्य स्वागत रोहित राजावत का कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में जलवा, 13 विकेट लेकर बने मैन ऑफ द मैच शिक्षण भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों ने जाना बाल अधिकारों का महत्व, चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली से हुए रूबरू अभ्युदय आयुर्वेदा पंचकर्म क्लीनिक पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, मरीजों की हुई जांच श्रीरामकथा के समापन पर शंकराचार्य ने आत्मचिंतन और आत्मसाक्षात्कार का दिया संदेश ग्वालियर-भिंड हाईवे आंदोलन का 27 अक्टूबर को होगा शंखनाद, त्रिमूर्ति धाम ऊमरी में जुटेंगे संत निष्काम भाव से किया गया कर्म ही सच्चा यज्ञ, अहंकार मनुष्य के पतन का कारण: शंकराचार्य नेशनल हाईवे-719 को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन BDCA के खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन से एक दिन में तिहरी सफलता भिंड की धरा पर हुआ शंकराचार्य जी का आगमन
Trending

गौसेवा वैदिक संस्कृति का आधार, उसके लिये तन-मन-धन से जुटना चाहिए- शंकराचार्य

Headlines Today24

4 years ago 37 views
गौसेवा वैदिक संस्कृति का आधार, उसके लिये तन-मन-धन से जुटना चाहिए- शंकराचार्य

परानिधेश भारद्वाज,

भिण्ड। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर नगर स्थित मंशापूर्ण गौशाला परिसर में आयोजित तीन दिवसीय आध्यात्मिक प्रवचन के प्रथम दिवस पूज्यपाद अनंतश्री विभूषित श्री काशीधर्मपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, संसार का सुख शास्वत नहीं है, प्राणी क्षणिक सुख के लिए अनंत काल से बंधन में पड़ता आ रहा है। मानव शरीर की दुर्लभता का विचार किये बिना मनुष्य नाना प्रकार के दुष्कृत्यों को कर अपना पतन करता है। सृष्टि में गुरु ही ऐसे तत्व हैं जो जीव को शाश्वत सुख की प्राप्ति करा सकते हैं। मोक्ष की इच्छा रखने वाले प्राणियों को विवेक पूर्वक विचार कर गुरु सान्निध्य में रहकर आत्मकल्याण के मार्ग में प्रशस्त हो जाना चाहिए।

पूज्य शंकराचार्य जी महाराज ने आगे बताया कि गोपाष्टमी का पर्व सनातन धर्म में अक्षय संस्कृति का प्रतीक है। जो हमें प्राणिमात्र के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का संदेश देती है। हम सभी मनुष्यों को संकल्प लेना चाहिए कि पाश्चात्य संस्कृति को छोड़कर वैदिक संस्कृति के आधार गौवंश की समृद्धि के लिए तन, मन, धन से लग जाना चाहिए। आज के परिवेश में गौवंश के पतन का मुख्य कारण घर-घर गौ सेवा से वंचित होना है। यही कारण है कि जहाँ पर एक समय प्रत्येक द्वार पर गौवंश की पूजा होती थी, वहीं आज के परिवेश में गौवंश का संरक्षण गौशालाओं तक सीमित हो गया है।

स्वामी जी ने आगे कहा कि, हमारे प्रारब्ध कर्म नष्ट करने के लिए ही हमको दु:ख दिये जाते है। दु:ख का कारण तो हमारे अपने ही कर्म हैं जिनको हमें भुगतना ही है। यदि दु:ख नहीं आयेगें तो कर्म कैसे कटेंगे?उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एक छोटे बच्चे को उसकी माता साबुन से मलमल के नहलाती है जिससे बच्चा रोता है, परंतु उस माता को उसके रोने की कुछ भी चिंता नहीं है। जब तक उसके शरीर पर मैल दिखता है, तब तक उसी तरह से नहलाना जारी रखती है, और जब मैल निकल जाता है, तब ही मलना, रगड़ना बंद करती है। वह उसका मैल निकालने के लिए ही उसे मलती, रगड़ती है, कुछ द्वेषभाव से नहीं। माँ उसको दु:ख देने के अभिप्राय से नहीं रगड़ती, परंतु बच्चा इस बात को समझता नहीं इसलिए इससे रोता है।

इसी तरह हमको दु:ख देने से परमेश्वर को कोई लाभ नहीं है। परंतु हमारे पूर्वजन्मों के कर्म काटने के लिए, हमको पापों से बचाने के लिए और जगत का मिथ्यापन बताने के लिए वह हमको दु:ख देता है। अर्थात् जब तक हमारे पाप नहीं धुल जाते, तब तक हमारे रोने चिल्लाने पर भी परमेश्वर हमको नहीं छोड़ता।

इस अवसर पर मंशापूर्ण गौसेवा समिति, नारायण सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं अन्यान्य भक्तों ने पादुका पूजन एवं माल्यार्पण कर शंकराचार्य जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। सभी कार्यक्रमों के आयोजन में मंशापूर्ण गौशाला में गायों की सेवा में पूरे मनोभाव के साथ तन मन धन से सेवा में जुटे रहने वाले गौसेवक विपिन चतुर्वेदी ने महती भूमिका निभाई।

शंकराचार्य का पूजन करते भक्तगण

शेयर करें

संबंधित खबरें

632
पेज 1 / 106